”रात को आकाश में दो रहस्यमयी ड्रोन देखा जाना बना चर्चा का विषय”

रात को आकाश में दो रहस्यमयी ड्रोन देखा जाना बना चर्चा का विषय

नैनीताल,  पिछले साल की तरह इस बार भी रात में आकाश में दो संदिग्ध ड्रोन दिखने से लोगों में रहस्य बना हुआ है। रामनगर क्षेत्र में इंटरनेट मीडिया में रात में उड़ते ड्रोन की वीडियो प्रसारित की थी। रात में काफी दूरी में उड़ते इन ड्रोन में लाल नीली लाइट जलती हुई दिखाई दे रही है। यह मामला रामनगर में चर्चा का विषय बन गया है।
वीडियो में काफी दूर तक उड़ने के बाद फिर यह ओझल हो गए। रात में जिसने भी इन ड्रोन को देखा उनमें इनके बारे में जानने के लिए एक जिज्ञासा रही। पिछले साल भी ऐसी ही ड्रोन रात में उड़ते हुए काफी लोगों ने देखे थे। उनकी मोबाइल से वीडियो भी लोगों ने बनाई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह ड्रोन सामान्य ड्रोन की तुलना में काफी बड़ा दिखाई दे रहा है। इसकी उड़ान की दिशा व दूरी ने इसे और भी संदिग्ध बना दिया है। शुरुआत में लोगों ने समझा इसे किसी शौकिया व्यक्ति या फोटोग्राफी के लिए उड़ाया होगा, लेकिन जब यह लगातार दो रातों तक लंबी दूरी तय करते हुए एक ही समय पर दिखाई दिया, तो लोगों को शक होने लगा। इसकी ऊंचाई, गति और रेंज को देखते हुए स्थानीय लोग इसे आम ड्रोन मानने से इनकार कर रहे हैं।
कुछ लोगों ने इस ड्रोन की वीडियो और तस्वीरें अपने मोबाइल फोन में कैद भी की हैं, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन रही हैं। क्षेत्र में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
इस मामले में उपजिलाधिकारी रामनगर गोपाल सिंह चौहान ने साफ किया कि यह ड्रोन प्रशासन द्वारा संचालित नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जल्द ही इसकी सच्चाई सामने लाई जाएगी। वहीं, रामनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि फिलहाल इस ड्रोन के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू करने की बात कही है।