फाटा-बड़ासू मोटर मार्ग पर डंपर खाई में गिरने से दो लोगों की मौत

फाटा-बड़ासू मोटर मार्ग पर डंपर खाई में गिरने से दो लोगों की मौत

-राहत एवं बचाव दल ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चलाया रेस्क्यू अभियान

रुद्रप्रयाग, । जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया।  अनियंत्रित होकर डंपर गहरी खाई में समा गया। घ्इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। राहत-बचाव दल ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शवों को खाई से निकाला। हादसे से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा गढ़वाल मंडल के रुद्रप्रयाग जिले के फाटादृबड़ासू मोटर मार्ग पर तरसाली के समीप हुआ। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, गुरूवार रात करीब 8.43 बजे वाहन संख्या यूके 13 सीए 0826 के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की संयुक्त टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया।
राहत एवं बचाव दल ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाया। रेस्क्यू के दौरान डंपर में सवार संजय राणा (45 वर्ष) का शव खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। वहीं दूसरे व्यक्ति मोहन का शव भी बरामद कर पुलिस को सौंप दिया गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही सभी संबंधित एजेंसियों को तत्काल मौके पर भेजा गया। संयुक्त प्रयास से राहत एवं बचाव अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया। पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है। प्रशासन ने मामले की जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के कारणों का खुलासा करने की बात कही है।