देहरादून में रसोई गैस सिलेंडरों में घटतौली पकड़ी गई, 4 सिलेंडरों से निकली मिली गैस
देहरादून: जिलाधिकारी देहरादून के निर्देश पर मिली शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने ग्राम सोडा सिरौली में घरेलू रसोई गैस वितरण वाहन की जांच की। जांच के दौरान सिलेंडरों में गैस की घटतौली का मामला सामने आया।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट के नेतृत्व में की गई जांच में ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर, देहरादून की घरेलू गैस वितरण गाड़ी की जांच की गई। वाहन में कुल 26 घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए।
जांच के दौरान इनमें से 4 सिलेंडरों में लगभग 1 किलो से 6.5 किलो तक गैस कम पाई गई, जबकि अन्य 22 सिलेंडर पूरी तरह भरे हुए मिले।
गैस निकालने में इस्तेमाल रिफिलर बरामद
जांच के दौरान मौके से गैस स्थानांतरण में इस्तेमाल किया जाने वाला रिफिलर भी बरामद किया गया। स्थानीय लोगों ने भी वितरण कर्मियों द्वारा कथित तौर पर गैस निकाले जाने की जानकारी दी और इस संबंध में वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य आपूर्ति विभाग ने गैस वितरण वाहन को तत्काल जब्त कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।
संबंधित कर्मचारियों और गैस एजेंसी के खिलाफ मुकदमा
मामले में संबंधित कर्मचारी जयप्रकाश पुत्र प्रेमशंकर एवं रटनेश चंद्रपाल पुत्र के खिलाफ तथा ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर, देहरादून के विरुद्ध थाना रायपुर, जनपद देहरादून में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जांच के बाद बरामद सभी 26 गैस सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से निकटवर्ती सहकारी गैस सेवा में जमा करा दिया गया।
जांच टीम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट और पूर्ति सहायक विजय शामिल रहे।
उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ पर होगी कार्रवाई
जिला पूर्ति अधिकारी देहरादून के.के. अग्रवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
नोट: गैस वितरण में घटतौली की शिकायत सामने आने पर उपभोक्ताओं को संबंधित विभाग को इसकी सूचना देने की अपील की गई है।

More Stories
बीपीएड प्रशिक्षित बेरोजगारों का शिक्षा मंत्री आवास कूच, कनक चौक पर पुलिस ने रोका
घायल श्रमिकों से मिले मुख्यमंत्री, जिला अस्पताल में जाना कुशलक्षेम
मुख्यमंत्री पहुंचे आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे, टीएचडीसी टनल हादसे पर युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान के दिए निर्देश