देहरादून: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चैहान ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई और राजनीतिक दलों को प्रारूप-9, 10, 11ए एवं 11बी की सूचियां उपलब्ध कराई गईं।
जिलाधिकारी ने बताया कि 13 अगस्त तक देहरादून जिले में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रारूप-6 के तहत 39,025 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए प्रारूप-7 के तहत 10,235 दावे एवं आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। मतदाता सूची में विवरण संशोधन के लिए प्रारूप-8 के तहत 10,718 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
आपत्तियों पर होगी सुनवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रारूप-7 के तहत प्राप्त आपत्तियों पर संबंधित बीएलओ द्वारा संबंधित व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से नोटिस दिया जाएगा। नोटिस प्राप्त होने के सात दिन बाद सुनवाई शिविर आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों में संबंधित मतदाता और आपत्तिकर्ता दोनों को अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार ठोस आधार या प्रमाण के अभाव में किसी भी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि नोटिस प्राप्त करने वाले नागरिकों को उनके बूथ लेवल एजेंट (BLA) के माध्यम से संबंधित बूथ तक पहुंचाने में सहयोग करें।
5.47 लाख मतदाताओं को जारी हुए नोटिस
डीएम ने बताया कि 14 जुलाई को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार जिले में अब तक 11,90,805 मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है।
वर्ष 2003 और 2026 की मतदाता सूचियों के मिलान के दौरान विवरण में विसंगति, अपूर्ण जानकारी अथवा डेटा का सही मिलान नहीं होने के कारण 5.47 लाख मतदाताओं को व्यक्तिगत नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें 3,95,772 मतदाताओं के विवरण में विसंगति तथा 1,52,170 मतदाताओं की मैपिंग नहीं होने के कारण नोटिस जारी किए गए हैं।
15 सितंबर को जारी होगी फाइनल मतदाता सूची
जिलाधिकारी ने कहा कि SIR कार्यक्रम अब अंतिम और महत्वपूर्ण चरण में है। सभी दावे एवं आपत्तियों के निष्पक्ष और पारदर्शी निस्तारण के बाद 15 सितंबर को फाइनल निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद देवली समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मौजूद रहे।
himhimalaynews.com

More Stories
बीपीएड प्रशिक्षित बेरोजगारों का शिक्षा मंत्री आवास कूच, कनक चौक पर पुलिस ने रोका
देहरादून में रसोई गैस सिलेंडरों में घटतौली का खुलासा, 26 में 4 सिलेंडरों से निकली मिली गैस
-मुख्यमंत्री धामी ने टनल के अंदर जाकर बचाव एवं राहत कार्यों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश