अंकिता को न्याय कब मिलेगा? VIP पर उठे सवालों से लेकर अनुदान वापसी की मांग तक, भाजपा सरकार पर कांग्रेस का तीखा हमला!

अंकिता को न्याय कब मिलेगा? VIP पर उठे सवालों से लेकर अनुदान वापसी की मांग तक, भाजपा सरकार पर कांग्रेस का तीखा हमला!

 

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए मामले की जांच, कथित VIP की भूमिका और अंकिता के माता-पिता को दिए गए अनुदान की राशि वापस मांगने संबंधी बयान पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

 

कांग्रेस का आरोप है कि अंकिता हत्याकांड की शुरुआत से ही सरकार की भूमिका संदेह के घेरे में रही है। सबूतों को नष्ट किए जाने के आरोपों से लेकर कथित VIP की पहचान और निष्पक्ष जांच तक, कई ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब आज भी प्रदेश की जनता मांग रही है।

 

कांग्रेस ने कथित VIP दुष्यंत कुमार गौतम को लेकर उठ रहे सवालों और उन्हें सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के बाद जांच की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी ने पूछा कि VIP का नाम सामने आने पर भाजपा नेता चुप्पी क्यों साध लेते हैं और आखिर किसे बचाने की कोशिश की जा रही है?

 

वहीं, अंकिता के माता-पिता से अनुदान की राशि वापस मांगने संबंधी भाजपा विधायक के कथित बयान पर कांग्रेस ने कड़ी नाराजगी जताई है। कांग्रेस का कहना है कि कुछ लाख रुपये की सहायता देकर माता-पिता का दर्द नहीं खरीदा जा सकता और न ही अनुदान की शर्तों में न्याय की लड़ाई को बांधा जा सकता है।

 

कांग्रेस ने दो टूक कहा कि यदि भाजपा नेता इस तरह के संवेदनहीन बयान देते हैं तो पार्टी अनुदान की राशि लौटाने तक को तैयार है, लेकिन अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी।

 

कांग्रेस की प्रमुख मांगें:

 

– अंकिता भंडारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच हो।

– कथित VIP की भूमिका की पारदर्शी जांच की जाए।

– मामले में दोषी पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सजा मिले।

– अंकिता के माता-पिता के सम्मान और न्याय की लड़ाई को राजनीति से ऊपर रखा जाए।

 

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि अंकिता को न्याय मिलने तक यह संघर्ष जारी रहेगा।

 

  1. सबसे बड़ा सवाल: अंकिता को न्याय कब मिलेगा और कथित VIP से जुड़े सवालों का जवाब कौन देगा?