UTTRAKHAND NEWS TODAY ;पद्मश्री डा. वीकेएस संजय ने राज्यपाल को भेंट की सड़क सुरक्षा पर आधारित पुस्तक

-राज्यपाल को पुस्तक भेंट करते डा. वीकेएस संजय।

पद्मश्री डा. वीकेएस संजय ने राज्यपाल को भेंट की सड़क सुरक्षा पर आधारित पुस्तक

DEHADUN NEWS TODAY देहरादून,  उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह को सड़क सुरक्षा पर आधारित पुस्तक ‘भारत में सड़क दुर्घटनाएँ’ लोक भवन देहरादून में भेंट की गई। यह पुस्तक पद्मश्री सम्मानित वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक सर्जन प्रो. (डॉ.) बी. के. एस. संजय, अध्यक्ष, एम्स गुवाहाटी, और उनके पुत्र सह-लेखक डॉ. गौरव संजय द्वारा संयुक्त रूप से लिखी गई है।
पुस्तक में भारत में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की गंभीरता, उनके कारण, दुष्परिणाम और रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई है। लेखक बताते हैं कि सड़क हादसे केवल शारीरिक चोट तक सीमित नहीं रहते, बल्कि पीड़ितों और उनके परिवारों पर मानसिक, सामाजिक और आर्थिक स्तर पर भी गहरा प्रभाव डालते हैं। इसके अलावा, ट्रॉमा केयर और चिकित्सा व्यवस्था पर पड़ने वाले दबाव को भी पुस्तक में प्रमुखता से उजागर किया गया है।
पुस्तक में यातायात नियमों का कठोर पालन, सड़कों की संरचना में सुधार, ट्रॉमा केयर सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण, और जन-जागरूकता अभियानों को तेज करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है। साथ ही, स्कूल स्तर पर सड़क सुरक्षा शिक्षा को पाठ्यक्रम में शामिल करने और नियंत्रित, गुणवत्तापूर्ण ड्राइविंग स्कूलों की संख्या बढ़ाने की अपील भी की गई है।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) बी. के. एस. संजय ने सुझाव दिया कि देशभर के एम्स संस्थान सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए नोडल एजेंसी की भूमिका निभा सकते हैं, ताकि चिकित्सा विशेषज्ञता और जनसंपर्क क्षमता के माध्यम से सड़क सुरक्षा को एक सामाजिक आंदोलन बनाया जा सके।
उनका मानना है कि इस कदम से सड़क दुर्घटनाओं और इससे होने वाली मौतों में निश्चित रूप से कमी आएगी। माननीय राज्यपाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाएँ गंभीर सामाजिक चुनौती हैं, और ऐसे प्रयास समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नीतिगत सुधारों को भी प्रेरित करते हैं। उन्होंने पुस्तक को सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में एक समयोचित और महत्वपूर्ण योगदान बताया।