मसूरी-देहरादून मार्ग पर रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक नहीं चलेंगे वाहन
मसूरी, मसूरी-देहरादून मोटर मार्ग पर पानी वाले बैंड के समीप भूस्खलन के कारण गत रात्रि को पहाडी से भू धंसाव हुआ व उसके साथ पेड़ भी गिर गये जिस पर लोक निर्माण विभाग की जेसीबी ने मलवा हटाया व मसूरी वन प्रभाग की टीम ने पेड़ों को काटकर किनारे किया व यातायात सुचारू किया। यह क्षेत्र लगातार संवेदनशील बन चुका है व बारिश के आते ही रोड बंद हो रही है। वहीं एसडीएम ने रात्रि आठ बजे से सुबह छह बजे तक यातायात बंद करने के निर्देश दिए हैं।
मसूरी देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड के समीप भूस्खलन व रोड का एक हिस्सा ढह जाने के बाद से लगातार वहां पर सतर्कता बरती जा रही है, लोक निर्माण विभाग व वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है व जैसे ही बारिश से पहाड़ी दरकती है उसी समय लोनिवि की जेसीबी रोड को साफ कर यातायात के लिए सुचारू कर रही है, गत सांय भी बारिश के चलते पहाडी का एक हिस्सा दरक गया व पहाडी से मलवा व पेड़ भी आ गिरे । वन विभाग के वन दरोगा अभिषेक सजवाण ने बताया कि पेड गिरने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची व पेडों को काट कर किनारे किया व लोक निर्माण विभाग के सहयोग से रोड पर यातायात सुचारू किया गया। वन विभाग की टीम में वन दरोगा अभिषेक सजवाण, वन आरक्षी हरेन्द्र सिंह, दलवीर सिंह सजवाण, प्रदीप गैरोला, राहुल कुकरेती, विनोद, व मुलायम पयाल मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर एसडीएम राहुल आनंद ने मसूरी व राजपुर कोतवाली को निर्देशित किया है कि आपदा पर नजर रखें व रात्रि को आठ बजे के बाद से सुबह छह बजे तक वाहनों को रोड पर चलने के लिए प्रतिबंधित किया गया है केवल आवश्यक व सेवाओं के वाहनों व विशेष परिस्थिति होने पर ही वाहनों को रात्रि के समय जाने व आने दिया जायेगा। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता प्रदीप शाही ने बताया कि मसूरी देहरादून मार्ग पूरी तरह से सुरक्षित व यातायात के लिए सुचारू है वहीं किमाड़ी मार्ग अभी तक नहीं खोला जा सका है।

More Stories
-रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच ने उत्तराखंड बोर्ड व सीबीएसई बोर्ड के 93 टॉपर्स का किया सम्मान
एमपीजी कालेज छात्रसंघ अध्यक्ष ने पालिकाध्यक्ष पर लगाये आरोप
धार्मिक स्थलों से हटाए लाउडस्पीकर, लोगों ने जताया विरोध