तिलवाड़ा-मयाली-गुप्तकाशी मोटर मार्ग को दो लेन में विकसित करने की मांग, सतपाल महाराज ने गडकरी के सामने रखे कई सुझाव
देहरादून/नई दिल्ली। प्रमुख नदियों में वैज्ञानिक ढंग से ड्रेजिंग और बाढ़ सुरक्षा उपायों के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने को लेकर नई दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्तराखंड से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
नई दिल्ली स्थित ट्रांसपोर्ट भवन के सागर मंथन हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने की। बैठक में परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा जल शक्ति मंत्रालय से जुड़े अधिकारी एवं विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
उत्तरकाशी-गंगोत्री क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा पर जोर
सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तरकाशी से गंगोत्री के बीच लगभग 100 किलोमीटर का क्षेत्र पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील है। इस क्षेत्र में नदी तल में बड़ी मात्रा में बोल्डर आने और मलबा जमा होने से नदी तल ऊंचा होने के साथ जलभराव अथवा झील बनने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
उन्होंने नदी किनारे स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग की ऊंचाई बढ़ाने की आवश्यकता पर भी विचार करने का सुझाव दिया।
हर्षिल के पास राजमार्ग को ऊंचा करने का सुझाव
महाराज ने बैठक में हर्षिल के निकट निर्मित कृत्रिम झील से राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि राजमार्ग की सुरक्षा के लिए लगभग 200 मीटर का बांध बनाया गया है।
उन्होंने संबंधित क्षेत्र में लगभग 600 मीटर हिस्से में राजमार्ग को एक से डेढ़ मीटर तक ऊंचा उठाने की आवश्यकता बताई, ताकि भविष्य में बाढ़ एवं जलभराव से सड़क की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
रेलवे परियोजनाओं में स्केप टनल को दो लेन यातायात के लिए उपयोगी बनाने का सुझाव
सतपाल महाराज ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को एक पत्र भी सौंपा। इसमें उन्होंने उत्तराखंड में प्रस्तावित टनकपुर-बागेश्वर, बागेश्वर-कर्णप्रयाग एवं ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल परियोजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
उन्होंने कहा कि रेलवे परियोजनाओं के साथ निर्मित होने वाली स्केप टनल को रेल मंत्रालय और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की संयुक्त सहभागिता से न्यूनतम दो लेन मोटर वाहन यातायात के लिए उपयोगी बनाए जाने का प्रावधान किया जाना चाहिए।
तिलवाड़ा-मयाली-गुप्तकाशी मार्ग को दो लेन करने की मांग
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने तिलवाड़ा-मयाली-गुप्तकाशी मोटर मार्ग को सुपर मार्ग के रूप में विकसित करते हुए दो लेन करने का अनुरोध भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से किया।
उनका कहना है कि इस मार्ग के बेहतर विकास से क्षेत्र में सड़क संपर्क और यातायात व्यवस्था को मजबूती मिल सकती है।
बैठक में प्रमुख नदियों में वैज्ञानिक ड्रेजिंग, बाढ़ सुरक्षा तथा सड़क एवं आधारभूत ढांचे को सुरक्षित रखने के लिए विभिन्न सुझावों पर चर्चा की गई।
बैठक में विभिन्न राज्यों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभाग किया।

More Stories
एमडीडीए का मियांवाला में पर्यावरणीय तोहफा, 8.63 करोड़ से विकसित हुआ जल-सृष्टि पार्क
हरिद्वार में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: 10 हजार और 35 हजार रुपये रिश्वत लेते दो अधिकारी गिरफ्तार
दयारा बुग्याल में खेली गई दूध, दही और मक्खन की होली, अंढूड़ी बटर फेस्टिवल में उमड़ा जनसैलाब