देहरादून। उत्तराखंड हाईकोर्ट नैनीताल और आयुक्त गढ़वाल मंडल के निर्देशों के अनुपालन में देहरादून जनपद में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया जा रहा है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चैहान के निर्देश पर नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों में प्लास्टिक प्रतिबंध के प्रभावी अनुपालन और नियमित निगरानी के लिए 50 सेक्टर अधिकारी नामित किए गए हैं।
प्लास्टिक के उत्पादन और बिक्री पर होगी कार्रवाई
अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा ने बताया कि अभियान के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंधित उत्पादों के विनिर्माण, आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री और उपयोग के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा प्लास्टिक का निर्माण करने वाले उद्योगों और फैक्ट्रियों पर भी विशेष अभियान चलाकर निरीक्षण और कार्रवाई की जाएगी। सेक्टर अधिकारी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे।
हाईकोर्ट के निर्देश पर नोडल अधिकारी नियुक्त
उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में संयुक्त आयुक्त (विवेचना प्रवर्तन), राज्य कर, देहरादून को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
नोडल अधिकारी नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत और जिला पंचायत सहित संबंधित निकायों के साथ समन्वय कर सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे।
नगर निगम के 100 वार्डों में होगी निगरानी
नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों में नियमित निगरानी के लिए नगर निगम स्तर से अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती भी की जाएगी। संबंधित अधिकारी सेक्टर अधिकारियों के साथ समन्वय कर अभियान को प्रभावी बनाएंगे।
वहीं विकासनगर, हरबर्टपुर, डोईवाला, मसूरी और सेलाकुई क्षेत्रों में संबंधित नगर निकायों के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ऋषिकेश में प्लास्टिक प्रतिबंध के साथ चलेगा स्वच्छता अभियान
ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में नगर आयुक्त को नोडल अधिकारी बनाया गया है। यहां सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के साथ-साथ विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
अभियान के दौरान साफ-सफाई की स्थिति के पहले और बाद के फोटो सहित रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराई जाएगी।
पुलिस भी करेगी अभियान में सहयोग
सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के नगरीय निकायों में प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून से भी अपेक्षा की गई है कि पुलिस क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को अभियान में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए जाएं। पुलिस विभाग की ओर से भी नोडल अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी चलेगा जागरूकता अभियान
ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक के उपयोग पर रोक और जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी और अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भी अभियान में नोडल एवं सेक्टर अधिकारियों को सहयोग प्रदान करेंगे।
तीन दिन में देनी होगी कार्रवाई की रिपोर्ट
सेक्टर अधिकारियों को अपने आवंटित वार्डों का नियमित भ्रमण कर सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ की गई कार्रवाई की गूगल फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वच्छता अभियान के दौरान कूड़ा या गंदगी वाले स्थानों की सफाई कराने के बाद सफाई से पहले और बाद के फोटो सहित रिपोर्ट प्रतिदिन उपलब्ध करानी होगी।
- प्रशासन ने सभी नोडल, सह-नोडल और सेक्टर अधिकारियों को प्रतिदिन जनजागरूकता एवं व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

More Stories
प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए करता है प्रेरितः सीएम
लोक भवन में उल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया रक्षाबंधन पर्व
नेपाल सीमा से लगे क्षेत्रों में ग्लेशियर पिघलने एवं भूस्खलन से बाढ़ की स्थिति