एसआईआर में बड़ी प्रगति: 11.90 लाख मतदाताओं की मैपिंग पूरी, 5.47 लाख नोटिस जारी
देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत देहरादून जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में तेजी आई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को ऋषिपर्णा सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की।
11.90 लाख मतदाताओं की मैपिंग पूरी
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक 11,90,805 मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज विवरण में विसंगति पाए जाने अथवा आवश्यक विवरण उपलब्ध नहीं कराए जाने पर 21 अगस्त तक 5,47,617 लोगों को बीएलओ के माध्यम से नोटिस जारी किए गए हैं।
इनमें से 3,95,772 लोगों की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि 1,52,170 लोगों की सुनवाई जारी है।
नए मतदाताओं के लिए 39 हजार से अधिक आवेदन
जिले में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए 39,025 नागरिकों ने प्रारूप-6 में आवेदन किया है। वहीं, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए 10,235 दावे एवं आपत्तियां प्रारूप-7 में प्राप्त हुई हैं।
इसके अलावा मतदाता सूची में विवरण संशोधन के लिए 10,718 नागरिकों ने प्रारूप-8 में आवेदन किया है।
नाम हटाने की आपत्ति पर होगी निष्पक्ष सुनवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रारूप-7 के तहत प्राप्त प्रत्येक आपत्ति पर संबंधित बीएलओ द्वारा संबंधित व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से नोटिस तामील कराया जाएगा। नोटिस प्राप्त होने के सात दिन बाद ही सुनवाई शिविर आयोजित किया जाएगा।
बूथवार आयोजित होने वाले इन शिविरों में जिस मतदाता के खिलाफ आपत्ति दर्ज की गई है और आपत्तिकर्ता, दोनों को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा।
यूपी और उत्तराखंड दोनों राज्यों में 96,187 मतदाताओं का सत्यापन
जिले में 96,187 ऐसे मतदाता पाए गए हैं, जिनके नाम उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों राज्यों की मतदाता सूचियों में दर्ज हैं। ऐसे मतदाताओं को स्वेच्छा से किसी एक राज्य में अपना नाम रखने का अवसर दिया जाएगा।
बीएलओ घर-घर जाकर संबंधित मतदाताओं को इसकी जानकारी देंगे और उनकी इच्छा के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
जिलाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि जिन नागरिकों को नोटिस जारी किए जाएंगे, उन्हें अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) के माध्यम से संबंधित बूथ तक पहुंचाने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि इससे सभी दावे और आपत्तियों का निष्पक्ष, प्रभावी और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रारूप-7 में मिथ्या घोषणा प्रस्तुत करने वालों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के तहत दंडनीय कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ये अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, संयुक्त मजिस्ट्रेट डॉ. हर्षिता, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद देवली सहित भाजपा के अरविंद जैन, बसपा के सतेन्द्र सिंह, कांग्रेस के डॉ. जसविंदर सिंह, आम आदमी पार्टी के अशोक सेमवाल, कमल राणा समेत विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
मुख्य आंकड़े
11,90,805 — मतदाताओं की मैपिंग पूरी
5,47,617 — नोटिस जारी
3,95,772 — सुनवाई पूरी
1,52,170 — सुनवाई जारी
39,025 — प्रारूप-6 आवेदन
10,235 — प्रारूप-7 दावे/आपत्तियां
10,718 — प्रारूप-8 आवेदन
96,187 — यूपी-उत्तराखंड दोनों राज्यों में दर्ज मतदाता

More Stories
नकली दवाओं के कारोबार पर STF की बड़ी कार्रवाई, मुख्य सरगना गिरफ्तार
रुद्रप्रयाग में पशुपालन योजनाओं से स्वरोजगार को बढ़ावा, महिलाओं को मिल रहा लाभ
मुख्यमंत्री धामी बोले- महिला, युवा और ग्रामीण उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार समर्पित